हरदोई में नहर में उतराता मिला नवयुवक का क्षत-विक्षत शव, दो दिन पहले दोस्तों के साथ शारदा नहर में नहाने आया था, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अपने साथियों के साथ बावन स्थित शारदा नहर में नहाने गया नवयुवक लापता हो गया था। सोमवार की दोपहर नहर में इस नवयुवक का शव देखा गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची लोनार कोतवाली पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आशानगर निवासी दिनेश कश्यप का 18 वर्षीय पुत्र हर्ष कश्यप अपने 5 दोस्तों के साथ शनिवार की सुबह लोनार कोतवाली इलाके के गांव बावन में नहर नहाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके बाद यह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिला। उसके बाद इसकी मां पिंकी ने शहर कोतवाली में इसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। सोमवार की दोपहर सहोरा गांव के पास नहर में नवयुवक का शव पड़ा देखा गया। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बावन चौकी इंचार्ज व्यास यादव ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गयी। शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव के दोनों हाथ और पैर गायब थे।

मृतक के परिजनों ने इसके दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भर के शव को पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया। उसके बाद लोनार पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक के बारे में बताया गया कि यह दो भाई है, इसके पिता जिला अस्पताल में प्राईवेट कार्य करते हैं। फिलहाल इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ हैं।