ब्लॉक कर्मचारियों की कार्यशैली से नाराज़ महिला 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ी, मुख्यमंत्री के आने पर उतरने की कही बात, 7 घंटे तक चला महिला का हाईवोल्टेज ड्रॉमा

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में बृहस्पतिवार अल सुबह ब्लॉक कर्मचारियों पर समूह सखी से नाम हटाने का आरोप लगाकर एक महिला 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गई। जैसे ही लोगों को इसकी खबर लगी तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। महिला सीएम योगी के आने पर पेड़ से उतरने की बात कह रही थी। महिला ने अपने शरीर पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक फायर ब्रिगेड ने पानी से उसे भिगो दिया जिससे माचिस नहीं जली और नगर पंचायत पाली की स्काई लिफ्ट से करीब 7 घंटे बाद महिला को नीचे उतारा गया।

जानकारी के अनुसार हरपालपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी शिवरानी बृहस्पतिवार अलसुबह करीब 4 बजे 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गई। महिला स्वयं सहायता समूह संचालिका है, उसने आरोप लगाया कि हरपालपुर ब्लॉक में तैनात कर्मचारियों ने उसका समूह सखी से नाम हटा दिया। महिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी आदित्यनाथ के मौके पर पहुंचने पर नीचे उतरने की बात कह रही थी, अन्यथा की स्थिति में आत्महत्या की जिद पर अड़ी थी। महिला को ग्राम वासियों, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार समझाया जा रहा था। महिला का यह भी कहना था कि क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू व बसपा नेता राजवर्धन सिंह राजू के आने पर वह उतरेगी। लेकिन राजवर्धन सिंह के पहुंचने से पहले ही महिला ने अपने शरीर पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की, फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी की फुहार से उसे भिगो दिया जिससे आग नहीं लगी और नगर पंचायत पाली की स्काई लिफ्ट से उसे नीचे उतार लिया गया। बताया गया कि ब्लॉक कर्मचारियों द्वारा उसके साथ गलत किया गया, जिससे महिला कुंठित है और दर्जनों बार ब्लॉक के चक्कर लगाने के बाद जब उसकी नहीं सुनी गई तो उसने ऐसा कदम उठाया है।