हरदोई में पुलिस क्लब से दरोगा की पिस्टल हुई चोरी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने वाले भी अब चोरों से नहीं रहे सुरक्षित

हरदोई। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने वाली पुलिस भी अब सुरक्षित नहीं है। अवकाश पर गए दरोगा की सर्विस पिस्टल पुलिस क्लब से चोरी हो गई। जिससे पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। दरोगा की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर पिस्टल की तलाश में जुटी है।

हरदोई के पुलिस क्लब से दरोगा जोगेंद्र सिंह की सर्विस पिस्टल चोरी हुई है। यह वर्तमान में पीआरवी 2714 पर तैनात है। 5 मार्च को तीन दिन की छुट्टी लेकर अवकाश पर गए थे। इस दौरान सर्विस रिवॉल्वर पुलिस क्लब स्थित आवास के बक्से में रखकर गए थे। जब जोगेंद्र सिंह 8 मार्च को वापस आए तो उनके बक्से का ताला टूटा मिला और पिस्टल गायब थी। घटना की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में जोगेंद्र सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप पर शहर कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर सरकारी पिस्टल की तलाश में जुटी है। लोगों में चर्चा है कि अब चोरों से पुलिस तक सुरक्षित नहीं है।

एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि पीआरवी 2714 पर तैनात दरोगा जोगेंद्र सिंह तीन दिवस की छुट्टी पर गए हुए थे। जब वह वापस आए तो उनके बक्से का ताला टूटा हुआ था और उसमें से पिस्टल गायब थी। दारोगा की तहरीर पर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है। पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।