राहुल-प्रियंका ने पांच के विधायक रह चुके पूर्वांचल के इस नेता पर खेला बड़ा दांव,बनाया यूपी कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति का नए अध्यक्ष का इंतजार खत्म हो गया है। यूपी कांग्रेसमें बड़ा फैसला लेते हुए बृजलाल खाबरी की जगह वाराणसी में नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले अजय राय को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं। वाराणसी से ताल्लुक रखते हैं तथा पूर्वांचल के कई जिलों में उनकी अच्छी खासी पकड़ है। बीजेपी से अपना राजनैतिक करियर शुरु करने वाले अजय राय पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। साल 2014 और साल 2019 में दोनों ही बार उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

अजय राय साल 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव भी जीतने में नाकाम रहे थे, लेकिन फिर भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। वह लंबे समय से पार्टी में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। अजय राय अब तक 5 बार विधायक बन चुके हैं।