महिला सशक्तीकरण की नई मिसाल बन रहा ‘लाइव टूरिज्म वुमेन सेल’, वाराणसी से पश्चिम बंगाल तक विस्तार की तैयारी

वाराणसी। पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में लाइव टूरिज्म वुमेन सेल (LTWC) एक नई पहल के रूप में सामने आया है। वर्ष 2021 में बनारस की महज 5-6 महिलाओं से शुरू हुआ यह समूह अब महिला पर्यटन कारोबारियों और पेशेवरों को जोड़ने वाले मजबूत प्लेटफॉर्म के रूप में विस्तार ले रहा है।

LTWC की ओर से वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित एक होटल औपचारिक लॉन्च एवं हाई-टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़ना, व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना, अनुभव और संसाधन साझा करना तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना रहा।

इस पहल के जरिए महिला उद्यमियों, पर्यटन व्यवसाय से जुड़ी पेशेवर महिलाओं और विभिन्न संस्थाओं के बीच सहयोग की संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। समूह का विजन ?कनेक्ट, कोलैबोरेट, सपोर्ट और सेलिब्रेट? के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक और सहयोगी मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में दर्शना शास्त्री, शुभांगी देवरानी, जया अविनाश सिंह, रतिका तेवारी और अनामिका मिश्रा समेत LTWC से जुड़ी महिला पदाधिकारियों एवं पर्यटन क्षेत्र की प्रतिनिधियों की भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप राय, एमडी स्काईलाइन ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड रहे।

LTWC की पहल में महिला पेशेवरों के बीच कारोबार के नए अवसर पैदा करने के साथ ही पारिवारिक और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन, महिलाओं की उपलब्धियों को मंच देना और एक-दूसरे को सहयोग करने की भावना को भी प्रमुखता दी गई है।

आयोजकों के मुताबिक, बनारस से शुरू हुई इस पहल का अगला अध्याय पश्चिम बंगाल में शुरू करने की तैयारी है। आने वाले समय में LTWC का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी करने की योजना है, जिससे पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं के लिए नए अवसरों का दायरा बढ़ सके।

महिला सशक्तीकरण के लिहाज से यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह महिलाओं को केवल पर्यटन व्यवसाय से जोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नेटवर्किंग, नेतृत्व, उद्यमिता और सहयोग के जरिए अपने पैरों पर खड़े होने का मंच भी उपलब्ध करा रही है।