आगरा - शमशाबाद । कुएं में जहरीले सांपों का सामना करती रही बालिका, 30 घंटे बाद पुलिस ने निकाला, ग्रामीण मान रहे दैवीय चमत्कार

आगरा - शमशाबाद । घर से दुकान पर सामान लेने गई 15 वर्षीय किशोरी अंधेरे के चलते सूखे कुएं में गिर गई। 30 घंटे बाद उसके बारे में जानकारी हो सकी। तब पुलिस ने चारपाई फंसाकर उसे बाहर निकाला। उसके कहीं चोट भी नहीं है। ग्रामीण इसे आश्चर्य मान रहे हैं। मामला शमशाबाद क्षेत्र के ऊंचा गांव का है।

शमसाबाद के ऊंचा गांव में 15 वर्षीय पूनम पुत्र लखपत शनिवार शाम साढ़े छह बजे भाई के लिए तंबाकू लेने दुकान पर गई थी। इसके बाद वापस नहीं आई। देर रात तक जब वह वापस नहीं आई तो स्वजन ने तलाश शुरू की। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाने जाकर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस की तीन टीमें तलाश में लगीं। एक टीम गांव के आसपास के कुओं में किशोरी की तलाश कर रही थी। दूसरी टीम गांव के पास की नहर में तलाश को चली गई। वहीं एक टीम दुकान के आसपास के इलाके में किशोरी की तलाश कर रही थी। रविवार को पूरे दिन किशोरी की तलाश हुई। मगर, उसका कोई सुराग नहीं मिला।

रात 12 बजे पुलिस की एक टीम किशोरी के घर और दुकान के बीच के कुएं में टार्च से उसे देखने पहुंची। किशोरी केा हाथ टार्च की रोशनी में पुलिस को दिखा। इसके बाद स्वजन ने उसको आवाज दी। किशोरी अधिक बोल नहीं पा रही थी। पुलिस ने रस्सी से छोटी चारपाई को बांधकर कुएं में फंसा दिया। रात 12.40 बजे उसको कुएं से बाहर निकाल लिया। किशोरी तीस घंटे तक कुएं में रहीं।

गांव में कुआं काफी समय से सूखा हुआ था। इसकी गहराई 80 से 90 फीट है। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने कई बार सांप इस कुएं में देखे। मगर, किशोरी को सकुशल देखकर उन्हें आश्चर्य हो रहा था। कुएं में गिरने से भी उसके कोई चोट नहीं आई। इस घटना को लेकर आसपास के गांवों में भी चर्चाएं हैं। ग्रामीण इसे महा नवरात्रि पर दैवीय चमत्कार मान रहे हैं।

श्यामवीर सिंह के साथ मनीष शर्मा की रिपोर्ट।