श्रद्धा, परंपरा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ होलिका दहन

खेरागढ़ के धोबी पाड़ा में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ होलिका पूजन व दहन

खेरागढ़। कस्बे के धोबी पाड़ा क्षेत्र में होली पर्व के पावन अवसर पर चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू द्वारा विधि-विधान से होलिका पूजन किया गया। निर्धारित शुभ मुहूर्त में पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजन संपन्न हुआ, जिसके उपरांत पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार होलिका दहन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के पुरुषों और युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने श्रद्धा भाव से होलिका की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। होलिका दहन होते ही पूरा धोबी पाड़ा क्षेत्र जयकारों और उत्साह से गूंज उठा। युवाओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।

चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।

होलिका दहन के पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी तथा मिठाइयों का वितरण कर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरा वातावरण भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया।