खेरागढ़ में होली को लेकर पुलिस सतर्क, निकाला पैदल मार्च

खेरागढ़ में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में थाना प्रभारी मदन सिंह के नेतृत्व में कस्बे के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने पैदल मार्च निकाला।

यह मार्च थाना परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरा। पुलिस बल ने आमजन से संवाद कर शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से त्योहार को प्रेम, सौहार्द और आपसी सद्भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।

पुलिस प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि होली के दौरान क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जाएगी, ताकि सभी लोग सुरक्षित वातावरण में रंगों के पर्व का आनंद उठा सकें।