त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत, जयपुर-गया-खातीपुरा के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

जयपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जयपुर-गया-खातीपुरा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09727 जयपुर-गया स्पेशल 12 नवंबर 2026 को जयपुर से दोपहर 13:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे गया पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09728 गया-खातीपुरा स्पेशल 13 नवंबर 2026 को गया से दोपहर 13:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:15 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम और डेहरी ऑन सोन सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड श्रेणी सहित कुल 15 डिब्बे लगाए जाएंगे। अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।