हरदोई में अवैध संबंधों के शक में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या, धान के खेत में मिला लहूलुहान शव, 5 वर्ष पहले हुई थी शादी

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात सांडी रोड स्थित घुमइया पुल के पास हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका का चार वर्षीय बेटा मां की मौत के बाद बेसहारा हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे शहर कोतवाली पुलिस को घुमइया पुल के पास महिला की हत्या की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतका की पहचान दुर्गा (23) पुत्री गुड्डू, निवासी नगरा गांव, थाना सवायजपुर के रूप में हुई। दुर्गा की शादी करीब पांच वर्ष पहले घुमइया निवासी लल्ला सिंह पुत्र स्वर्गीय जगरूप सिंह के साथ हुई थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति लल्ला सिंह को पत्नी के चरित्र पर संदेह था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसने कुल्हाड़ी से दुर्गा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की भयावहता से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एएसपी पूर्वी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।