हत्याहरण तीर्थ के कुंड में डूबने से दो की मौत, परिवारों में मचा कोहराम, हरदोई में बालक को बचाने में युवक भी डूबा

हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित हत्याहरण तीर्थ में सोमवार शाम कुंड में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से 10 वर्षीय बालक और 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बालक को बचाने के प्रयास में युवक भी पानी में डूब गया। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी कोथावां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, सीतापुर के आवास विकास कॉलोनी निवासी मोहित त्रिपाठी (20) और कमलापुर थाना क्षेत्र के खेरवा गांव निवासी रितिक (10) अपने परिजनों के साथ हत्याहरण कुंड में नहाने आए थे। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बालक को डूबता देखकर मोहित ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी डूब गया। रितिक के भाई राज ने भी बचाने का प्रयास किया, हालांकि स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद गोताखोरों और पुलिस टीम ने दोनों डूबे युवकों को बाहर निकाला।
परिजन और स्थानीय लोग दोनों को तत्काल सीएचसी कोथावां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकान्त गौतम ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।