तेज आंधी-बारिश में सड़क पर गिरा पेड़, हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर लगा लंबा जाम, राहगीरों को हुई परेशानी

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में तत्यौरा के पास हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़कर मुख्य मार्ग पर आ गिरा। पेड़ के सड़क पर गिरने से दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रूप से पेड़ को सड़क से हटाने का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में पेड़ को सड़क से हटा दिया गया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन दोबारा शुरू हो सका और धीरे-धीरे जाम की स्थिति सामान्य हो गई। तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिरने से करीब एक घंटे तक राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।