भगवानगोला स्टेशन पर ठहराव की समस्या दूर, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

कोलकाता। सियालदह मंडल ने भगवानगोला स्टेशन पर लंबे समय से चली आ रही परिचालन संबंधी समस्या का समाधान कर दिया है। प्लेटफॉर्म की लंबाई कम होने के कारण लालगोला जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर दो बार रुकना पड़ता था। अब प्लेटफॉर्म के विस्तार के बाद इस समस्या से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही सियालदह?बहरमपुर रेलखंड के कई स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

भगवानगोला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो की लंबाई 350 मीटर से बढ़ाकर 385 मीटर कर दी गई है तथा प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य भी पूरा हो चुका है। इससे पूरी ट्रेन एक ही बार में प्लेटफॉर्म पर समायोजित हो सकेगी और यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में अधिक सुविधा मिलेगी।

पहले प्लेटफॉर्म की कम लंबाई के कारण 13103 सियालदह?लालगोला भागीरथी एक्सप्रेस और 13113 कोलकाता?लालगोला हजारद्वारी एक्सप्रेस को भगवानगोला स्टेशन पर दो चरणों में ठहराना पड़ता था। इससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति बनने के साथ ट्रेनों की समयबद्धता भी प्रभावित होती थी।

स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

भगवानगोला स्टेशन पर प्लेटफॉर्म शेड लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नया बुकिंग कार्यालय भी तैयार किया जा रहा है। इसमें तीन सामान्य टिकट काउंटर और दिव्यांग यात्रियों के लिए एक अलग काउंटर होगा। इसके अलावा नए और उन्नत शौचालय ब्लॉक का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

कई स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार

सियालदह?बहरमपुर खंड के अन्य स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। बेलडांगा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर यात्री शेड लगाए जा रहे हैं। प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के साथ नई बैठने की बेंचें भी लगाई जा रही हैं।

मुर्शिदाबाद, भाबता, जियागंज और पीरटाला स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री शेड और नई बैठने की बेंचों सहित विभिन्न यात्री सुविधा संबंधी कार्य अंतिम चरण में हैं।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि इन आधारभूत ढांचागत सुधारों का उद्देश्य स्टेशनों का आधुनिकीकरण, ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखना और यात्रियों को सुगम, सुविधाजनक एवं परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए मंडल लगातार कार्य कर रहा है।