राष्ट्रगान प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, हरदोई कांग्रेस ने एसपी को सौंपा शिकायती पत्र, बोले- जांच कर विधानसभा अध्यक्ष पर कार्रवाई की जाएं

हरदोई। उन्नाव जनपद में राष्ट्रगान के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष से संबंधित वायरल वीडियो के मामले में हरदोई कांग्रेस ने निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की मांग की है। सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुपम दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच कराए जाने की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यक्ति को पूर्वाग्रह के आधार पर दोषी ठहराना नहीं, बल्कि वायरल वीडियो की सत्यता सामने लाना है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक तथ्य स्पष्ट हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय संवैधानिक मर्यादा और कानून के अनुरूप कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने एसपी से मांग की कि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कराई जाए तथा कार्यक्रम स्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर उनका परीक्षण किया जाए।
शिकायती पत्र में आयोजकों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और राष्ट्रगान शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच में यदि किसी प्रकार का नियम या कानून का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भुट्टो मियां, प्रेम प्रकाश वर्मा, शहर उपाध्यक्ष उमा राजवंशी, सर्वेश कुशवाहा, महासचिव इस्लाम गाजी, अजय दीक्षित, मोरध्वज वर्मा, शिल्पी वर्मा, संध्या वर्मा, बादाम सिंह यादव और शशिकांत तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।