हरदोई में डकैती की साजिश नाकाम, 6 आरोपी गिरफ्तार, सर्राफा कारोबारी को लूटने की थी योजना

हरदोई। कोतवाली देहात पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डकैती की योजना बना रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस, प्लास, सब्बल और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पूछताछ में सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाने की योजना सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में 23 अगस्त 2026 को कोतवाली देहात पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर अपराधी मील कॉलोनी मोड़ के पास डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार उर्फ विपुल निवासी देहपुरवा, राजकिशोर निवासी ज्ञानपुरवा, श्यामप्रकाश निवासी अंटा, श्रवण उर्फ सरवन निवासी भिखारीपुरवा, रामविलास निवासी बंदनिया और रंजीत निवासी मोहल्ला वेटगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उनके पास से एक .315 बोर का तमंचा, तीन कारतूस, एक 12 बोर का तमंचा, प्लास, सब्बल और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
सीओ सिटी अजीत चौहान के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर एक घर की रेकी की थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों को वेटगंज के सर्राफा कारोबारी रंजीत ने रवि ज्वैलर्स के संबंध में जानकारी दी थी। कारोबारी के पास सोने-चांदी के आभूषण होने और उसके सुबह टहलने निकलने की जानकारी के आधार पर लूट की योजना बनाई गई थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में तीन का आपराधिक इतिहास है। इनमें दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।