महंगी चीनी के विरोध में सपा नेता का अनोखा प्रदर्शन, हरदोई में ₹20 प्रति किलो में बांटी चीनी, जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया अभियान

हरदोई। चीनी की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेता एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने शनिवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। उन्होंने महिला जिला चिकित्सालय के बाहर स्टॉल लगाकर महिलाओं को ₹20 प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराई और सरकार की महंगाई नीति पर सवाल उठाए।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। चीनी के दाम बढ़ने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने में नाकाम साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को जनता के बीच उठाने के लिए बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर चीनी बेचने का निर्णय लिया गया है। महिला जिला चिकित्सालय के बाहर लगाए गए स्टॉल पर ₹20 किलो चीनी मिलने की जानकारी पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिलाओं में भी इसे लेकर उत्सुकता दिखाई दी।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि वह रक्षाबंधन तक गांवों और मोहल्लों में जाकर गरीब माताओं और बहनों को ₹20 प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंद परिवारों की मदद करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के जिला महासचिव अवनीश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव दीपू, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, जिला सचिव सोनू गुप्ता, श्याम गुप्ता, शुभम गुप्ता, सचिन यादव, अनुराग यादव, रोहित कश्यप, सौरभ यादव पंडित, पिंटू वर्मा, दीपू तिवारी, शिवम कश्यप, पंकज गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।