एआई स्केच से जहरखुरान तक पहुंची जीआरपी, दो दिन में आरोपी गिरफ्तार

कासगंज। कासगंज से पटियाली जा रही पैसेंजर ट्रेन में यात्री को नशीली गोलियां खिलाकर रुपये चोरी करने के मामले में जीआरपी ने दो दिन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर एआई की मदद से तैयार कराए गए स्केच से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। आरोपी के कब्जे से छह नशीली गोलियां और चोरी की रकम में से 1130 रुपये बरामद हुए। मामले का जल्द खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा ने जीआरपी टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

20 अगस्त को कासगंज से पटियाली जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन संख्या 55342 में सवार निमाई पुत्र कुटीसर निवासी गांव कुढा थाना पटियाली मूल निवासी ग्राम घोषपुर थाना हावरा जिला चौबिस परगना पश्चिम बंगाल को एक व्यक्ति ने बातचीत में फंसाकर चाय पिलाई थी। आरोप है कि चाय में नशीली गोलियां मिली हुई थीं। चाय पीने के बाद यात्री बेहोश हो गया और आरोपी उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। मैनपुरी में यात्री के बेहोश मिलने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। होश में आने के बाद घटना की जानकारी हुई और जीआरपी कासगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया।

पीड़ित ने आरोपी की उम्र करीब 65 वर्ष बताने के साथ ही उसके सिर के बीच में बाल न होने और दोनों तरफ काले बाल होने की जानकारी दी थी। चेहरे पर दाढ़ी नहीं होने की बात भी बताई थी। इस हुलिए के आधार पर जीआरपी ने एआई की मदद से संभावित आरोपी का स्केच तैयार कराया। इसके बाद सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर तलाश शुरू की गई।

शनिवार सुबह करीब 7:50 बजे कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से दिनेश पुत्र आत्माराम निवासी नगला सुदन थाना मेरापुर, फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से छह अल्प्राजोलम टैबलेट और 1130 रुपये बरामद हुए। पीड़ित ने आरोपी की पहचान भी कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मेरापुर थाने में 2024 में मारपीट और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जीआरपी कासगंज में उसके खिलाफ जहरखुरानी के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 दर्ज किया गया है।

घटना का जल्द खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा ने जीआरपी कासगंज की टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, आरपीएफ पोस्ट कासगंज के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मीणा, उपनिरीक्षक मो. नाजिर, कांस्टेबल विवेक कुमार, कांस्टेबल जीतू कुमार और आरपीएफ के कांस्टेबल गुरुप्रीत सिंह शामिल रहे।