राजीव गांधी की जयंती पर अधिवक्ताओं ने मनाया सद्भावना दिवस

कासगंज। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट के कार्यालय पर सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने गोष्ठी आयोजित कर राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला तथा उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद मिष्ठान का वितरण भी किया गया।

चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसका उद्देश्य देश में शांति, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी देश के सातवें प्रधानमंत्री थे और वर्ष 1984 से 1989 तक उन्होंने देश का नेतृत्व किया। वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्रियों में शामिल रहे।

बैस ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव हुए। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की दिशा में किए गए प्रयास उनके प्रमुख योगदानों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप देश ने विश्व पटल पर नई पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले नेताओं में याद किया जाता है। देश के विकास में उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाता रहेगा और उनका नाम इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

इस दौरान राकेश कुमार, प्रेम सिंह, कमल कुमार सिंह यादव, सत्यवीर सिंह, होडिल सिंह वर्मा, मोहम्मद अयाज, परवेज, आशीष कुमार चौहान, शरीफ मलिक, तेजेंद्र कुमार, रामेश्वर, संजय कुमार यादव, अब्दुल मावूद, नरेंद्र शर्मा, नदीम, अभिषेक कुमार सिंह, अनमोल कुमार, सुबहान, अयोध्या प्रसाद, केशव मिश्रा, अंजुम राहत, धारा सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।