औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा को लेकर चला सघन चेकिंग अभियान

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशों के क्रम में जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की स्थिति परखी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा एवं टीम ने विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों के संबंध में जागरूक किया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आग की घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।