मुरादाबाद में खोया विनिर्माणशाला पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 100 किलो संदिग्ध खोया बरामद

मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मूढ़ापांडे क्षेत्र में खोया विनिर्माणशाला पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मौके से 100 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी खोया बरामद किया। जांच के लिए खोया का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देश और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 20 अगस्त को ग्राम अहरौला, पोस्ट एवं थाना मूढ़ापांडे स्थित खोया विनिर्माणशाला का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रजन सिंह के साथ टीम शाम करीब छह बजे मौके पर पहुंची।

निरीक्षण के दौरान टीम को 100 किलोग्राम संदिग्ध खोया के अलावा 22 पैकेट सीलबंद वनस्पति, एक-एक किलोग्राम के 15 पैकेट स्किम्ड मिल्क पाउडर, पांच किलोग्राम खुला स्किम्ड मिल्क पाउडर, 100 ग्राम सोडा और 100 ग्राम सेफोलाइट मिला।

विभागीय टीम ने खोया का नमूना जांच के लिए सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेज दिया। वहीं शेष 99 किलोग्राम खोया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24,750 रुपये बताई गई है, खराब होने वाली प्रकृति का होने के कारण मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

इसके अतिरिक्त टीम ने खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री में 20 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 7,000 रुपये, 100 ग्राम सोडा जिसकी कीमत 30 रुपये और 100 ग्राम सेफोलाइट जिसकी कीमत 35 रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से नमूने की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करें।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने आम लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ खरीदने और संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना संबंधित विभाग को देने की अपील की है।