कानपुर सेंट्रल के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, डीआरएम ने किया गहन निरीक्षण

कानपुर। यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास क्षेत्र, यात्री आवागमन, निर्माणाधीन संरचनाओं और विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर संचालित खानपान स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित दरों पर बिक्री की स्थिति देखी। उन्होंने यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के साथ स्टॉलों पर उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने कहा कि कानपुर सेंट्रल को आधुनिक और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से युक्त स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने मेमू कार शेड, कानपुर और पुरानी वॉशिंग लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने कोचों के रख-रखाव, परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं और कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और रख-रखाव संबंधी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

डीआरएम ने पनकी धाम स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं के साथ स्टेशन मास्टर कक्ष का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं, अभिलेखों और संरक्षा प्रावधानों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान डीआरएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधा और सुरक्षित रेल परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।