कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की हुई समीक्षा, एडीआरएम ने समय पर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के दिए निर्देश

कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने बुधवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं होल्डिंग एरिया निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर)अकांशु गोविल भी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में रेलवे की कार्यदायी संस्था और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यों के निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के उन्नयन और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की।

अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आवश्यक सुविधाएं किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि कानपुर सेंट्रल उत्तर भारत के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में से एक है। इसके पुनर्विकास के बाद स्टेशन की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी तथा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता (पंचम) अभिषेक तोमर सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पर्यवेक्षक और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।