कांवड़ यात्रा को लेकर विद्युत विभाग अलर्ट, रात में सड़कों पर उतरे मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कांवड़ यात्रा को लेकर विद्युत विभाग पूरी तरह अलर्ट, रात में सड़कों पर उतरे मुख्य अभियंता

मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुरादाबाद विद्युत विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कांवड़ मार्गों पर किसी भी तरह की विद्युत संबंधी समस्या न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल ने रात के समय मुरादाबाद की सड़कों पर निकलकर कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत लाइनों, पोल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की स्थिति को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से कांवड़ मार्गों पर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने, संभावित खतरनाक स्थानों की निगरानी करने तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रात में स्वयं सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने से विद्युत विभाग की सक्रियता और जिम्मेदारी साफ दिखाई दी। विभाग की टीम दिन-रात कांवड़ मार्गों पर नजर बनाए हुए है, ताकि भगवान शिव के भक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

कांवड़ यात्रा को लेकर विद्युत विभाग की यह सक्रियता श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और भरोसे का संदेश बनकर सामने आई है।