मुरादाबाद सेवा प्रबंधक अनुराग यादव का प्रमोशन, बने उप मुख्य यांत्रिक अभियंता

मुरादाबाद सेवा प्रबंधक अनुराग यादव का प्रमोशन, बने उप मुख्य यांत्रिक अभियंता

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने जारी किया पदोन्नति आदेश, दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि रहेगी

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में मुरादाबाद क्षेत्र के सेवा प्रबंधक अनुराग यादव को पदोन्नति मिली है। निगम प्रशासन ने उन्हें उप मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति का आदेश जारी होने के बाद परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

निगम के प्रबंध निदेशक की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम अधिकारी सेवा विनियमावली, 1998 के तहत अनुराग यादव को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उप मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर अस्थायी रूप से पदोन्नत किया गया है।

अनुराग यादव वर्तमान में मुरादाबाद क्षेत्र में सेवा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। पदोन्नति के बाद उन्हें निगम की तकनीकी एवं यांत्रिक व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

दो वर्ष की रहेगी परिवीक्षा अवधि

जारी आदेश के मुताबिक पदोन्नति के बाद अनुराग यादव की दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि रहेगी। इस अवधि में उनकी सेवाओं के प्रदर्शन और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया जाएगा। निगम ने उन्हें वर्तमान तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं। नई तैनाती के संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा।

अनुराग यादव के प्रमोशन की खबर मिलते ही मुरादाबाद क्षेत्र के परिवहन निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी में भी वह अपने अनुभव और कार्यकुशलता से निगम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।