जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कांठ में अग्निशमन विभाग ने दिया आग से बचाव का प्रशिक्षण

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कांठ में अग्निशमन विभाग ने दिया आग से बचाव का प्रशिक्षण

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्र के संचालन और सावधानियों की दी जानकारी

मुरादाबाद, 19 अगस्त। आग की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में प्रभावी तरीके से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, कांठ में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह के आदेश तथा मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग की टीम ने आग से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार की आग की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अग्निशमन यंत्र की पहचान, उसके सही इस्तेमाल और आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए और उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करना चाहिए। साथ ही विद्युत उपकरणों, रसोई गैस तथा ज्वलनशील पदार्थों से जुड़े संभावित अग्नि खतरों के प्रति सतर्क रहने पर जोर दिया गया।

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने उपस्थित लोगों को अग्निशमन यंत्र चलाने की प्रक्रिया भी समझाई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने में सक्षम हो सकें। उन्होंने कहा कि समय रहते सही कदम उठाने से आग को फैलने से रोका जा सकता है और जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने अपील की कि सभी संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू हालत में रखा जाए और कर्मचारियों को समय-समय पर इसके संचालन का प्रशिक्षण दिया जाए।

इस दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी तथा अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।