आरपीएफ की बड़ी कामयाबी: जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस में चोरी का आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे सुरक्षा बल लगातार सतर्कता और निगरानी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल ने जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी करने के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, जोधपुर मंडल के नागौर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी होने की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने तत्काल जांच शुरू की।

500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा के कुशल नेतृत्व और प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ट्रेन के अंदर और विभिन्न रेलवे एवं स्थानीय क्षेत्रों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया।

इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी सूचनाओं को भी जांच में शामिल किया गया। सीसीटीवी फुटेज की सटीक मैपिंग और लगातार निगरानी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।

जांच में सामने आया कि संदिग्ध व्यक्ति 2 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 14804 में फिरोजपुर कैंट से ए-1 कोच की सीट संख्या 41 पर यात्रा कर रहा था। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरपीएफ टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

चलती ट्रेन में रात 2:30 बजे दबोचा

18 अगस्त 2026 को आरपीएफ टीम को सूचना मिली कि आरोपी एक बार फिर उसी ट्रेन में यात्रा कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई की और करीब रात्रि 2:30 बजे लूणकरणसर और बीकानेर के बीच चलती ट्रेन संख्या 14804 में संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने ए-1 कोच की सीट संख्या 39 के नीचे रखा लैपटॉप बैग चोरी करने की वारदात स्वीकार की। अपराध प्रमाणित पाए जाने के बाद आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

तकनीक और टीमवर्क से खुला चोरी का राज

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई में सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच, फुटेज का बारीकी से विश्लेषण, सक्रिय मुखबिर तंत्र और विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते रेल यात्रा के दौरान हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा हो सका।

उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे सुरक्षा बल की लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिल रही है।