फिरोजपुर मंडल के 38 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को मिला 20.47 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में जून और जुलाई 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 38 रेलकर्मियों को 20.47 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का समापन देय भुगतान किया गया। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को उनके देय भुगतान प्रदान किए।

सेवानिवृत्ति के बाद रेलकर्मियों को विभिन्न मदों में भुगतान किया जाता है। इसमें पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, अवकाश नकदीकरण, समूह बीमा योजना (जीआईएस) और भविष्य निधि (पीएफ) शामिल हैं।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दीर्घकालीन रेल सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि का उपयोग सभी रेलकर्मी सोच-समझकर करें और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं।

साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राहुल देव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।