फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर मिलेगी पार्सल पैकिंग की सुविधा, तीन साल के लिए हुआ अनुबंध

फिरोजपुर। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्सल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। अब फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पार्सल पैकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से पार्सल पैकिंग सुविधा का अनुबंध सफलतापूर्वक आवंटित कर दिया गया है, जिसकी अवधि तीन वर्ष होगी।

इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्रियों को अपने सामान और पार्सल की सुरक्षित पैकिंग रेलवे स्टेशन पर ही नाममात्र शुल्क में कराने की सुविधा मिलेगी। उचित तरीके से पैकिंग होने के कारण पार्सल की लोडिंग, अनलोडिंग और परिवहन के दौरान टूट-फूट अथवा क्षति की संभावना कम होगी।

पार्सल की बेहतर पैकिंग से सामान को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही पार्सल लोडिंग से जुड़ी शिकायतों में कमी आने और नुकसान के दावों में भी कमी होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों का रेलवे की पार्सल सेवाओं के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।

लुधियाना और अमृतसर में पहले से मिल रही सुविधा

फिरोजपुर मंडल के लुधियाना और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर पार्सल पैकिंग सुविधा पहले से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिल रहा है। इसी अनुभव को देखते हुए अब फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

ई-नीलामी से पारदर्शिता और राजस्व को बढ़ावा

फिरोजपुर मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से अनुबंध आवंटित किए जा रहे हैं। इससे रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी बढ़ोतरी हो रही है। पार्सल पैकिंग सुविधा की शुरुआत रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस सुविधा से फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से पार्सल भेजने वाले यात्रियों को स्टेशन पर ही पैकिंग की सुविधा मिलने से समय और मेहनत दोनों की बचत होगी तथा पार्सल परिवहन अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगा।