कटड़ा में तेज बारिश और त्रिकूट पर्वत पर धुंध, हेलीकॉप्टर सेवा थमी; जयकारों के बीच जारी रही माता वैष्णो देवी की यात्रा

कटड़ा में तेज बारिश और त्रिकूट पर्वत पर धुंध, हेलीकॉप्टर सेवा थमी; जयकारों के बीच जारी रही माता वैष्णो देवी की यात्रा

मौसम खराब होने के बावजूद 13 हजार से अधिक श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर रवाना

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग और कटड़ा क्षेत्र में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद तेज बारिश के साथ त्रिकूट पर्वत की ऊंची चोटियों पर घनी धुंध छा गई। मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर सेवा को रोकना पड़ा, हालांकि श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और पारंपरिक मार्ग से माता वैष्णो देवी भवन की यात्रा लगातार जारी रही।

सुबह से दोपहर तक मौसम सामान्य रहा। आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मौसम अनुकूल रहने के कारण सुबह हेलीकॉप्टर सेवा भी कुछ समय तक सुचारु रही और कई श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर से भवन की ओर प्रस्थान किया।

दोपहर बाद कटड़ा और भवन क्षेत्र में तेज बारिश शुरू होने के साथ मौसम अचानक खराब हो गया। बारिश के चलते श्राइन बोर्ड ने बैटरी कार मार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर दिया। हालांकि पारंपरिक मार्ग से श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।

धुंध के कारण हेलीकॉप्टर सेवा रोकी गई

त्रिकूट पर्वत की ऊंची चोटियों पर अचानक घनी धुंध छा जाने से हेलीकॉप्टर सेवा को रोकना पड़ा। हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित होने के बाद श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाओं का सहारा लेकर भवन की ओर प्रस्थान किया।

मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालु जय माता दी के जयकारे लगाते हुए माता के भवन की ओर बढ़ते नजर आए।

13 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने की यात्रा

शाम चार बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर रवाना हो चुके थे। बारिश और धुंध के बावजूद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी रही।

श्राइन बोर्ड और प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। त्रिकूट पर्वत पर धुंध और खराब मौसम को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा मौसम साफ होने के बाद ही दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखी गई हैं।