नाबालिगों की तस्करी के आरोप में महिला समेत दो गिरफ्तार, जयपुर से जुड़े तार

कासगंज। पटियाली थाना पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं और महिलाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और उन्हें दूसरे स्थानों पर बेचने के आरोप में वांछित महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को शनिवार शाम दरियावगंज रेलवे स्टेशन से पकड़ा। पूछताछ और विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शबनम सलमानी पत्नी नौसाद और नौसाद सलमानी पुत्र नौशे सलमानी निवासी मोहल्ला इमाम चौक, बांस बदनपुरा, थाना गलता गेट, जनपद जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों थाना पटियाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 390/25 में वांछित चल रहे थे। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का आरोप है कि दोनों आरोपी नाबालिग बालिकाओं और महिलाओं को अलग-अलग स्थानों से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे और उन्हें अन्य स्थानों पर बेचने जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2020 में हरदोई जनपद के अरवल थाने में भी मुकदमा दर्ज है। इसमें मारपीट, बंधक बनाने, अपहरण, दुष्कर्म, धमकी और अनैतिक व्यापार अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई हुई थी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह और थाना पटियाली की टीम शामिल रही।