पंडालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर दमकल विभाग की सख्ती, सिलेंडर के पास बालू-पानी की व्यवस्था के निर्देश

मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार अग्निशमन विभाग की टीम ने काठ रोड और दिल्ली रोड पर बनाए गए पंडालों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पंडालों में आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। इस दौरान गैस सिलेंडरों के पास पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। टीम ने पंडाल संचालकों और कर्मचारियों को गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी।

निरीक्षण के दौरान पंडालों में लगे विद्युत तारों को सुरक्षित करने के लिए उनकी उचित टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि खुले या क्षतिग्रस्त तारों से शॉर्ट सर्किट और आग लगने की संभावना को रोका जा सके।

अधिकारियों ने पंडाल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं सुरक्षा संसाधन तैयार रखें। दमकल विभाग ने कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।