कांवड़ मार्ग पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में कांवड़ मार्ग पर अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत लगाई गई ड्यूटी का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कांवड़ मार्ग पर तैनात अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी चेक की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए हर समय सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग पूरी तरह तैयार रहे। मार्गों पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने निर्धारित स्थान पर सतर्कता के साथ ड्यूटी करें तथा किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अग्निशमन विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कांवड़ श्रद्धालुओं और आमजन की यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।