स्वतंत्रता दिवस को लेकर अजमेर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी, आरपीएफ-जीआरपी ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान

अजमेर। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ स्टेशन परिसर और ट्रेनों में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया।

मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा तथा निरीक्षक राजेंद्र चौधरी, उप निरीक्षक जगजीत सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक महेश चंद सहित जीआरपी स्टाफ ने अभियान में हिस्सा लिया। डॉग स्क्वायड की टीम से सहायक उप निरीक्षक निहाल सिंह और हेड कांस्टेबल प्रकाश कमेडिया भी मौजूद रहे।

सुरक्षा टीम ने अजमेर रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, बुकिंग हॉल, पार्किंग क्षेत्र, पार्सल कार्यालय और स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के अंदर गहन जांच की। यात्रियों के सामान के साथ स्टेशन परिसर में मौजूद स्टॉलों और पार्किंग में खड़े वाहनों की भी जांच की गई।

चेकिंग के दौरान आधुनिक मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा बलों ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक निगरानी की।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें और किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं। स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ, जीआरपी या रेल प्रशासन को इसकी सूचना दें।

रेलवे ने यात्रियों से आपात स्थिति या किसी संदिग्ध सूचना की जानकारी देने के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील की है।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर चलाए गए इस विशेष अभियान के माध्यम से अजमेर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का वातावरण मिल सके।