बासनी स्टेशन पर शुरू हुआ कोच मार्गदर्शन सिस्टम, यात्रियों को ट्रेन आने से पहले मिलेगी सही कोच की जानकारी दोनों प्लेटफॉर्म पर 24-24 डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए, सफर होगा अधिक सुगम और व्यवस्थित

जोधपुर। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर बेहतर यात्री प्रबंधन की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। बासनी रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक कोच मार्गदर्शन प्रणाली शुरू कर दी गई है। इस व्यवस्था से यात्रियों को ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पहले ही अपने निर्धारित कोच की सही स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बासनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर 24-24 कोच मार्गदर्शन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा दोनों प्लेटफॉर्म पर एक-एक सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर एक ?एट ए ग्लांस? डिस्प्ले बोर्ड तथा फुट ओवर ब्रिज पर दो डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं।

निर्बाध संचालन के लिए आधुनिक तकनीकी व्यवस्था

कोच मार्गदर्शन प्रणाली के सुचारु संचालन के लिए ड्यूल इंडस्ट्रियल पीसी युक्त कंट्रोल कंसोल, 2 केवीए ऑनलाइन यूपीएस तथा एक घंटे के बैटरी बैकअप से युक्त 5.5 केवीए यूपीएस भी स्थापित कर चालू कर दिए गए हैं। इससे बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने की स्थिति में भी प्रणाली का संचालन निर्बाध बनाए रखने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि बासनी स्टेशन पर कोच मार्गदर्शन प्रणाली का संचालन वाणिज्य विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि इसके रखरखाव की जिम्मेदारी सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की होगी। संचालन के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में वाणिज्य विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में होगी आसानी

नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यात्रियों को मिलेगा। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनका निर्धारित कोच प्लेटफॉर्म के किस स्थान पर आएगा। इससे यात्रियों को कोच तलाशने के लिए प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।

कोच मार्गदर्शन प्रणाली से प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने, यात्रियों को सही कोच तक आसानी से पहुंचाने तथा चढ़ने-उतरने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।

अन्य स्टेशनों पर भी शुरू होगी आधुनिक सुविधा

जोधपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अन्य स्टेशनों पर भी इसी तरह की आधुनिक कोच मार्गदर्शन व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव है। इससे आने वाले समय में अधिक स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सूचना सुविधा उपलब्ध होगी और रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।