ब्यावर में रेलवे फाटक संख्या 26 एसपीएल दो रात रहेगा आंशिक बंद ट्रैक अनुरक्षण कार्य के चलते 10 और 11 अगस्त की रात यातायात रहेगा प्रभावित, वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के ब्यावर स्टेशन स्थित रेलवे फाटक संख्या 26 एसपीएल पर ट्रैक अनुरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। रेल सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक इस कार्य के चलते रेलवे फाटक को दो रात निर्धारित अवधि के लिए बंद रखा जाएगा।

रेलवे के अनुसार 10 अगस्त की रात 10 बजे से 11 अगस्त की सुबह 6 बजे तक तथा 11 अगस्त की रात 10 बजे से 12 अगस्त की सुबह 6 बजे तक रेलवे फाटक पर आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान ट्रैक की ओवरहालिंग के साथ रबराइज्ड पाथवे बनाने का कार्य किया जाएगा।

वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित

रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान वाहन चालकों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वाहन चालक चांग-चितार रोड होते हुए गहलोत कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा आरयूबी संख्या 25 (छावनी रोड) के रास्ते से भी आवागमन किया जा सकेगा।

रेलवे ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान रेलवे फाटक की ओर जाने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक का अनुरक्षण कार्य रेल पटरियों की मजबूती और सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए आवश्यक है। कार्य पूरा होने के बाद रेलवे फाटक से आवागमन को सामान्य कर दिया जाएगा।