ट्रेन में अनधिकृत वेंडिंग पर जम्मू मंडल की सख्त कार्रवाई, दो विक्रेता आरपीएफ के हवाले

जम्मू। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने ट्रेनों में अनधिकृत खान-पान सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत ट्रेन संख्या 20434 में कार्रवाई करते हुए दो अनधिकृत विक्रेताओं को पकड़ा गया।

ट्रेन में अनधिकृत वेंडिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने अपनी टीम के साथ शहीद कैप्टन तुषार महाजन से जम्मूतवी तक ट्रेन की औचक जांच की।

जांच के दौरान ट्रेन के बी-4 कोच में दो व्यक्ति बिना अनुमति चाय और नाश्ता बेचते हुए पाए गए। दोनों को मौके पर पकड़कर पहचान की कार्रवाई के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सौंप दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनधिकृत वेंडिंग से जहां रेलवे को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जम्मू मंडल द्वारा भविष्य में भी ट्रेनों में औचक निरीक्षण जारी रखा जाएगा और अनधिकृत वेंडिंग में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों में खान-पान की वस्तुएं केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें और किसी भी अनधिकृत वेंडर की जानकारी तत्काल रेलवे प्रशासन को दें।