सांबा स्टेशन पर चार ट्रेनों को मिलेगा ठहराव, जम्मू तवी की समय-सारणी में भी बदलाव

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने सांबा रेलवे स्टेशन पर चार ट्रेनों को प्रायोगिक आधार पर ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा अलग-अलग तिथियों से प्रभावी होगी। इसके साथ ही कुछ ट्रेनों के जम्मू तवी स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान के समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-सूबेदारगंज एक्सप्रेस को 15 अगस्त 2026 से सांबा स्टेशन पर ठहराव मिलेगा। यह ट्रेन शाम 5:24 बजे पहुंचेगी और 5:26 बजे रवाना होगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 16031 एम.जी.आर. चेन्नई सेंट्रल-श्री माता वैष्णो देवी कटरा को 16 अगस्त से सांबा स्टेशन पर सुबह 7:18 बजे पहुंचकर 7:20 बजे रवाना किया जाएगा। गाड़ी संख्या 16787 तिरुनेलवेली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस को 17 अगस्त से तथा गाड़ी संख्या 16317 कन्याकुमारी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा हिमसागर एक्सप्रेस को 21 अगस्त से सांबा स्टेशन पर ठहराव मिलेगा। दोनों ट्रेनें सांबा स्टेशन पर सुबह 7:18 बजे पहुंचकर 7:20 बजे प्रस्थान करेंगी।

जम्मू तवी स्टेशन पर भी बदला समय

सांबा स्टेशन पर ठहराव दिए जाने के बाद गाड़ी संख्या 16787, 16317 और 16031 के जम्मू तवी स्टेशन पर आगमन समय में भी बदलाव किया गया है। इन ट्रेनों का जम्मू तवी स्टेशन पर नया समय सुबह 8:25 बजे आगमन और 8:30 बजे प्रस्थान रहेगा। पहले इनका आगमन समय सुबह 8:20 बजे था।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन समय-सारणी अवश्य जांच लें। ट्रेनों से संबंधित जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।