स्टील गर्डर लॉन्चिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य से कई ट्रेनें प्रभावित, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 152बी पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए स्टील गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते पावर एवं ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे आगामी दिनों में कई ट्रेनों का संचालन नियंत्रित रहेगा।

रेल प्रशासन के अनुसार 16 से 22 अगस्त 2026 के बीच विभिन्न तिथियों पर कई ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा। इनमें कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, प्रयागराज संगम-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस, मऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, गया-नई दिल्ली एक्सप्रेस, सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस और दरभंगा-नई दिल्ली ट्रेन शामिल हैं। प्रभावित ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में लगभग 15 से 90 मिनट तक नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा।

वहीं पश्चिम रेलवे के वलसाड रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के कमीशनिंग कार्य के कारण भी रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है।

गाड़ी संख्या 12944 कानपुर सेंट्रल-वलसाड 21 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान स्टेशन तक जाएगी, जबकि गाड़ी संख्या 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर 22 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान स्टेशन से रवाना होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 04119 सूबेदारगंज-वलसाड 22 अगस्त को उधना स्टेशन तक ही जाएगी और गाड़ी संख्या 04120 वलसाड-सूबेदारगंज 23 अगस्त को वलसाड के बजाय उधना स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें। ट्रेन संबंधी जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।