उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर रेलवे के वाणिज्यिक कर्मचारियों का सम्मान, जून में बेहतर यात्री सेवा और राजस्व संग्रह के लिए मिला पुरस्कार

दिल्ली। उत्तर रेलवे की ओर से 13 अगस्त को पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जून 2026 के दौरान वाणिज्यिक, खानपान तथा यात्री सेवा से जुड़ी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया। उत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) प्रवीण पांडेय ने सभी पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

वाणिज्यिक गतिविधियों, टिकट जांच, स्टेशन एवं ट्रेन ड्यूटी तथा यात्री सेवा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों में श्याम बिहारी यादव, टीटीआई/बीएसबी (लखनऊ), सिमरनजीत सिंह, डिप्टी सीआईटी/अंबाला, विपिन तिवारी, टीटीआई/बरेली (मुरादाबाद), दिनेश कुमार मिश्रा, एसटीई/बीएसबी (लखनऊ), हरकेश मीना, टीटीआई/आरएमयू (मुरादाबाद), रविंद्र यादव, टीटीआई/पीवाईजीएस (लखनऊ) तथा अनिल कुमार-I, सीटीटीआई/हरिद्वार (मुरादाबाद) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा जितेंद्र कौशिक, सीएमआई/मार्केटिंग को भी उनके कार्य के लिए प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया। वहीं पीयूष सागर, सीसीटीसी/जालंधर (फिरोजपुर मंडल) को विशेष रूप से उनकी सतर्कता और सराहनीय यात्री सेवा के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने जालंधर में रेलवे विजिलेंस निरीक्षक बनकर घूम रहे एक व्यक्ति की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्तर रेलवे के अनुसार, सम्मानित वाणिज्यिक कर्मचारियों की सतर्कता, मेहनत और बेहतर यात्री सेवा के प्रयासों से जून 2026 के दौरान रेलवे को 64 लाख 25 हजार 380 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि कर्मचारियों की कार्यकुशलता, सजगता और राजस्व वृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

समारोह में पीसीसीएम प्रवीण पांडेय ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, टीम भावना, सतर्कता और यात्री संतुष्टि के प्रति समर्पण उत्तर रेलवे की सेवा व्यवस्था को और मजबूत करता है। उन्होंने कर्मचारियों को इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।