अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगी संगरूर रेलवे स्टेशन की तस्वीर, ₹22.16 करोड़ से बन रहा आधुनिक यात्री केंद्र

दिल्ली। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के संगरूर रेलवे स्टेशन का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। करीब ₹22.16 करोड़ की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित, दिव्यांगजन-अनुकूल और विश्वस्तरीय यात्री केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद संगरूर रेलवे स्टेशन यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के अंतर्गत आने वाला संगरूर रेलवे स्टेशन प्रतिदिन लगभग 1,947 यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है। स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसे आधुनिक परिवहन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्य जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत स्टेशन पर भव्य प्रवेश एवं निकास द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, स्वच्छ शौचालय, लिफ्ट, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और विशाल पार्किंग क्षेत्र जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए टैक्टाइल पाथ, रैंप, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, सुलभ शौचालय, कम ऊंचाई वाले पेयजल बूथ, हेल्प बूथ और लिफ्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे सभी यात्रियों के लिए यात्रा अधिक सहज और आरामदायक बनेगी।

पर्यावरण संरक्षण को भी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। स्टेशन भवन को प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम उपयोग करने के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि ऊर्जा बचत के लिए एलईडी प्रकाश व्यवस्था अपनाई जा रही है। मौजूदा पेड़ों को संरक्षित रखते हुए स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं और हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्टेशन पर्यावरण के अनुकूल और आकर्षक स्वरूप प्राप्त करेगा।

निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच चुका है। स्टेशन भवन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और केवल फिनिशिंग का काम शेष है। 4.8 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट का ढांचा, दिव्यांगजन सुविधाएं, रैंप तथा अन्य आवश्यक निर्माण लगभग पूर्ण हो चुके हैं। सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग का कार्य भी अंतिम चरण में है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेलवे देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, स्मार्ट और यात्री-केंद्रित परिवहन केंद्रों में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। संगरूर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास इसी परिवर्तनकारी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगा।