रेलवे का बड़ा फैसला: अब आरएसी यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट, सफर होगा और आरामदायक

दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब एसी श्रेणी (एसी चेयर कार को छोड़कर) में यात्रा करने वाले आरएसी (Reservation Against Cancellation) यात्रियों को भी अन्य कन्फर्म यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट (चादर, तकिया कवर, तौलिया और कंबल) उपलब्ध कराया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी रेलवे जोनों को तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अनुपालन में मध्य रेलवे ने भी टीटीई, ऑनबोर्ड स्टाफ और हाउसकीपिंग कर्मचारियों को आदेश दिए हैं कि आरएसी यात्रियों को भी बिना किसी भेदभाव के पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए।

रेलवे का यह फैसला लाखों यात्रियों के लिए राहतभरा साबित होगा, क्योंकि अब आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सफर के दौरान कन्फर्म यात्रियों जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि यदि यात्रा के दौरान बेडरोल उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो वे तत्काल ट्रेन में मौजूद टीटीई से संपर्क करें या रेल मदद (RailMadad) हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करें।