तिरंगे की शान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा हरदोई

तिरंगे की शान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा हरदोई

हरदोई

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल, मंगली पुरवा फाटक की ओर से गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। यात्रा में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर दुलीचंद्र चौराहा, खाटू श्याम मंदिर, जिंदपीर चौराहा और स्टेशन रोड होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने ?भारत माता की जय? और ?वंदे मातरम्? के उद्घोष के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

यात्रा में स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने अनुशासन की मिसाल पेश की। वहीं स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद के रूप में सजे बच्चों के साथ आर्मी की वेशभूषा में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और वीरता का संदेश दिया।

भाजपा नेता मुकुल सिंह आशा भी तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में देखकर ऐसा लगा मानो आजादी के दौर की तस्वीरें फिर जीवंत हो उठी हों। बच्चों में भगत सिंह की वीरता, चंद्रशेखर आजाद का जज्बा और गांधी जी के सत्य-अहिंसा के विचार नजर आए।

विद्यालय प्रबंधक मुकेश सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है।

प्रधानाचार्या भूमिका सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन बच्चों को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से जोड़ते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। 500 से अधिक बच्चों की भागीदारी, हाथों में लहराते तिरंगे, स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा और गूंजते देशभक्ति के नारों ने तिरंगा यात्रा को यादगार बना दिया।