बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद लोक शक्ति एक्सप्रेस अब पहुंचेगी वडनगर, मेहसाणा में भी मिलेगा ठहराव

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस-अहमदाबाद लोक शक्ति सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार वडनगर तक कर दिया है। साथ ही इस ट्रेन को मेहसाणा स्टेशन पर ठहराव भी दिया गया है। इससे वडनगर, मेहसाणा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई तथा गुजरात के प्रमुख शहरों के बीच बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

13 अगस्त से वडनगर तक जाएगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 22927 बांद्रा टर्मिनस-वडनगर लोक शक्ति एक्सप्रेस 13 अगस्त 2026 से बांद्रा टर्मिनस से रात 7:40 बजे रवाना होगी। अगले दिन यह अहमदाबाद स्टेशन पर सुबह 4:10 बजे पहुंचेगी और 4:20 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन मेहसाणा स्टेशन पर सुबह 5:30 बजे पहुंचेगी और 5:35 बजे रवाना होकर 6:40 बजे वडनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 22928 वडनगर-बांद्रा टर्मिनस लोक शक्ति एक्सप्रेस 14 अगस्त 2026 से वडनगर से शाम 6:20 बजे रवाना होगी। यह मेहसाणा स्टेशन पर 6:45 से 6:50 बजे तक ठहरेगी। इसके बाद अहमदाबाद स्टेशन पर रात 8:25 बजे पहुंचेगी और 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

अहमदाबाद-बांद्रा के बीच समय में कोई बदलाव नहीं

रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद और बांद्रा टर्मिनस के बीच ट्रेन के संचालन समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, 12 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 22927 का नया नंबर 19017 और 13 अक्टूबर 2026 से ट्रेन संख्या 22928 का नया नंबर 19018 होगा।

लोक शक्ति एक्सप्रेस के वडनगर तक विस्तार और मेहसाणा में नए ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई और गुजरात के प्रमुख शहरों के लिए सीधी एवं सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। इससे खास तौर पर दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और गुजरात से मुंबई जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।