ट्रेन में महिला का पर्स चोरी करने वाला शातिर चोर एक साल बाद गिरफ्तार, जेल भेजा

जोधपुर। राइकाबाग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में महिला का पर्स चोरी कर करीब एक साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी को जीआरपी की विशेष टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

मामला 8 जुलाई 2025 का है। ट्रेन संख्या 14662 शालीमार-मालाणी एक्सप्रेस में आंध्र प्रदेश निवासी गोदावरी प्रियलक्ष्मी यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनका लेडीज पर्स चोरी कर लिया था। पर्स में दो मोबाइल फोन, करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने के जेवर रखे थे। शिकायत मिलने पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अशोक पुत्र श्याम बिश्नोई, निवासी बनाणियों की ढाणी, ग्राम पली प्रथम, थाना मटौड़ा, जिला फलोदी के रूप में हुई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने के बाद जीआरपी थाना जोधपुर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर 11 अगस्त 2026 को अशोक बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मटौड़ा में दो तथा जीआरपी थाना जोधपुर में दो प्रकरण दर्ज हैं।

कार्रवाई जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवल राम के निर्देशन, उप अधीक्षक हरिराम सोनी की निगरानी तथा थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई रामभरोसी, कांस्टेबल राजूसिंह और मुल्तानाराम शामिल रहे।