9 से 17 अगस्त तक उत्तर पश्चिम रेलवे मनाएगा 'हर घर तिरंगा' अभियान, स्टेशनों पर दिखेगी देशभक्ति की झलक

देशभर में आजादी के अमृतकाल के तहत आयोजित "हर घर तिरंगा" अभियान-2026 के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे 9 अगस्त से 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान के दौरान रेलवे के सभी मंडलों, कार्यशालाओं, स्टेशनों और रेलवे प्रतिष्ठानों में जनभागीदारी के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन किए जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रमुख रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, उत्पादन इकाइयों और महत्वपूर्ण भवनों को तिरंगे की आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से "वंदे मातरम्" की वाद्य धुन प्रसारित कर देशभक्ति का माहौल बनाया जाएगा।

रेलवे ने अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों और आम नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने और "सेल्फी विद तिरंगा" अभियान में भाग लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हर नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।