अग्निशमन विभाग ने साप्ताहिक ड्रिल कर परखी तैयारियां, उपकरणों की हुई साफ-सफाई

बिजनौर। अग्निशमन विभाग को हर समय आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की जांच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में प्रत्येक माह के मंगलवार और शुक्रवार को अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, अग्निशमन उपकरणों की साफ-सफाई, उनकी क्रियाशीलता की जांच तथा कर्मचारियों की शारीरिक दक्षता बनाए रखने से संबंधित नियमित गतिविधियां कराई जाती हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को नजीबाबाद, बिजनौर, नगीना, धामपुर और चांदपुर अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध अग्निशमन कर्मियों को एकत्र कर साप्ताहिक ड्रिल कराई गई। इस दौरान कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की साफ-सफाई के साथ-साथ स्टोर, वॉचरूम, गैराज सहित अग्निशमन केंद्र परिसर की भी विशेष रूप से साफ-सफाई की।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अग्निशमन विभाग की तैयारियों को लगातार दुरुस्त रखने के लिए इस तरह की नियमित ड्रिल और उपकरणों की जांच बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान में श्रावण माह की कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत अधिकांश अग्निशमन कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी में तैनात हैं। इसके बावजूद उपलब्ध कर्मचारियों द्वारा निर्धारित साप्ताहिक ड्रिल को पूरी जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया गया।

अग्निशमन विभाग की इस नियमित कवायद से आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए संसाधनों और कर्मचारियों की तत्परता सुनिश्चित की जा रही है।