महाशिवरात्रि पर अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, शिविर-पंडालों का किया निरीक्षण

बिजनौर। पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा शिविर, पंडाल एवं पुलिस शिविरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। मंडलायुक्त के आदेश तथा जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शिविर एवं पंडाल संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सदैव सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। बिजली के तारों एवं वायरिंग की उचित टेपिंग कराने तथा खुले अथवा क्षतिग्रस्त तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए कहा गया।

इसके साथ ही आपातकालीन निकास मार्गों को हर समय अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अग्निशमन उपकरणों को निर्धारित स्थान पर रखने और आवश्यकता पड़ने पर उनके तत्काल उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बनाए रखी जाए। अग्निशमन विभाग की टीमों को भी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।