मोटा महादेव से कांवड़ मार्ग तक अग्नि सुरक्षा का मजबूत कवच, सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय की टीम मुस्तैद

मोटा महादेव से कांवड़ मार्ग तक मजबूत हुई अग्नि सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा के लिए बिजनौर अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद

जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में चलाया गया विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान

बिजनौर। सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिजनौर अग्निशमन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर के निर्देशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में रविवार को मोटा महादेव क्षेत्र सहित कांवड़ मार्ग के महत्वपूर्ण स्थलों पर व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने मोटा महादेव के समीप स्थापित पंडालों, कांवड़ शिविरों, मंदिर परिसर, चिकित्सा कैंप, पुलिस शिविर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और सुरक्षित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित किया गया।

निरीक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। शिविर संचालकों एवं कर्मचारियों को समझाया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करते हुए आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने मोटा महादेव मंदिर, रेलवे स्टेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ निभाएं।

अग्निशमन विभाग की सक्रियता से कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है। विभाग द्वारा निरीक्षण के साथ-साथ जागरूकता, प्रशिक्षण और मौके पर अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी के निर्देशन और सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय की सतर्क निगरानी में बिजनौर अग्निशमन विभाग कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय है।