सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के मानार्थ पास अब एचआरएमएस से ऑनलाइन, 10 अगस्त को अजमेर मंडल में मेगा प्रशिक्षण शिविर

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को मिलने वाले मानार्थ पास की सुविधा को और सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। अब सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने मानार्थ पास से संबंधित प्रक्रिया ऑनलाइन मंच एचआरएमएस के माध्यम से पूरी कर सकेंगे।

इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में 10 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अजमेर मंडल की 14 इकाइयों में मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में अजमेर मंडल की प्रशिक्षित टीम द्वारा पास लिपिकों को एचआरएमएस के माध्यम से मानार्थ पास की ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पास खाते तत्काल प्रभाव से शुरू किए जा सकेंगे, जिससे उन्हें पास बनवाने के लिए अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।

मेगा प्रशिक्षण शिविर डीआरएम कार्यालय अजमेर, स्टेशन अधीक्षक अजमेर, स्टेशन अधीक्षक ब्यावर, एईएन मुख्यालय अजमेर, सीएमएस अजमेर, आईओडब्ल्यू मारवाड़ जंक्शन, एईएन मारवाड़ जंक्शन, स्टेशन अधीक्षक आबू रोड, एईएन आबू रोड, डीजल शेड आबू रोड, सीसीआर आबू रोड, स्टेशन अधीक्षक नसीराबाद तथा पीडब्ल्यूआई नसीराबाद सहित मंडल की निर्धारित इकाइयों में आयोजित किए जाएंगे।

रेल प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अपने साथ पीपीओ, पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा आश्रितों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित शिविर में उपस्थित हों।

इस पहल से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को मानार्थ पास प्राप्त करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलने के साथ-साथ ऑनलाइन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।