कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले रेलकर्मी यशवीर सिंह का हुआ सम्मान

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और भारतीय रेलवे का गौरव बढ़ाने वाले रेलकर्मी यशवीर सिंह को सम्मानित किया।

यशवीर सिंह उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में जयपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य सह टिकट क्लर्क (सीसीटीसी) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महाप्रबंधक ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि रेलवे को अपने ऐसे प्रतिभाशाली कर्मचारियों पर गर्व है, जो खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव सिंह, संघ के सचिव अनुज तायल तथा मुख्यालय के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने यशवीर सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी नई सफलताएं हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।